धोनी ने शहरवासियों को दिया होली गिफ्ट। आम लोगों के लिए खोला अपना फॉर्म हाउस। होली खेलने की भी दी इजाजत

अपने प्रशंसकों के दिलों पर राज करने वाले रांची के राजकुमार के नाम से मशहूर धोनी ने होली के अवसर पर आम लोगों के लिए अपना फार्महाउस खोल दिया। साथ ही लोगों को अनुशासन में रहकर होली खेलने की भी इजाजत दी। उन्होंने 19 मार्च यानी शनिवार तक अपने फार्महाउस का दरवाजा शहरवासियों के लिए खोल दिया है। इस दौरान कोई भी रांची के सैंबो स्थित उनके ईजा फार्महाउस की सैर कर सकता है।

फलों और सब्जियों की ऑर्गेनिक खेती करते हैं धोनी।

बता दें कि धोनी के ईजा फॉर्महाउस में ऑर्गेनिक तरीके से सब्जियों की खेती की जाती है। फिलहाल यहां स्ट्रॉबेरी के साथ-साथ शिमला मिर्च, मटर और बीन की खेती की गई है। यहां से आकर लोग उनके फार्म के स्ट्राबेरी भी खरीद सकते हैं। इस बार रांचीवासियों को 250 ग्राम स्ट्रॉबेरी का पैकेट 50 रुपये में दिया जा रहा है।

43 एकड़ में फैला है धोनी का फॉर्म।

धोनी का यह फार्महाउस करीब 43 एकड़ में फैला हुआ है। यहां मौसम के हिसाब से सब्जियों और खाद्यानों की खेती होती है। यहां डेयरी फार्म भी है, जहां से रांची शहर में दूध की सप्लाई की जाती है। पिछले साल गर्मी के मौसम में यहां तरबूज की जबरदस्त खेती हुई थी।

धोनी ने अपने फार्महाउस में करीब एक एकड़ में उन्नत किस्म की गेहूं की फसल भी लगाई है। यह अब पूरी तरह तैयार हो चुकी है। धोनी ने गेहूं की ये फसल खुद अपने खाने के लिए लगाई है। गेंहू के इस वैराइटी का नाम CRD है। पिछले साल धोनी ने काला जीरा नाम के चावल की एक किस्म लगाई थी, जो इतना फेमस हुआ कि उस किस्म को लोग धोनी जीरा चावल के नाम से जानने लगे।


Posted

in

by

Tags: